नारायणपुर । प्रखंड के चांदनी चौक बजरंग बली स्थान में मंगलवार दोपहर 12 बजे सीएसपी संचालक से लूट के इरादे से आये तीन बदमाशों ने सीएसपी संचालक हेमंत सिंह (30) को पहले चेहरे पर मिर्ची की बुकनी फेंक रुपये से भरा थैला लूटने का प्रयास किया फिर गोली मारकर जख्मी कर दिया। वहां मौजूद ग्राहक शाहपुर निवासी सुनील मंडल उर्फ अश्विनी मंडल (55) के विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। हालांकि बदमाश लूट की घटना में सफल नहीं हो सके और फरार हो गये।
Total Downloads: 79
सूचना मिलने पर परिजन व ग्रामीण काफी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक भवानीपुर पुलिस भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। घायल सीएसपी संचालक को नारायणपुर पीएचसी लाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए उसे मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने ग्राहक के शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बदमाश 20-22 साल के थे। घटना को अंजाम देने के बाद दो बाइक से व एक पैदल शाहपुर चौहद्दी गांव की तरफ भाग निकला। घटना के दौरान आसपास के दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकान का शट्टर गिराकर भाग खड़े हुए।
घटना की सूचना पर नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज, एसडीपीओ दिलीप कुमार सहित झंडापुर, बिहपुर, ढोलबज्जा सहित अन्य थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गयी है। एसपी ने घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन छापेमारी करने का निर्देश दिया। पुलिस ने जब एक दुकानदार से पूछताछ की तो उसने बताया कि एक बदमाश ने संचालक के चेहरे पर मिर्च की बुकनी फेंका फिर उसे गोली मार दी। सीएसपी पर मौजूद ग्राहक अश्विनी मंडल ने जब विरोध किया तो उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इसी बीच घटनास्थल पर लोगों को आते देख बदमाश फरार हो गये। घटना की जांच करने के लिए एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची और घटनास्थल की जांच की।

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक को एक पुत्र और एक पुत्री है। मृतक पांच भाई में तीसरे नंबर पर था। उससे छोटा नवगछिया व्यवहार न्यायालय में वकील है। घटना की सूचना पर यूको बैंक नारायणपुर के ब्रांच मैनेजर निलेश कुमार भी पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि संचालक बैंक से मोटी रकम लेकर अपने सीएसपी सेंटर आया था। ग्राहक सुनील मंडल आधार लेकर पैसा निकालने आया था।
कोट
सीएसपी संचालक को गोली मारी गयी है। इस दौरान एक ग्राहक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित की गयी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा।
एसके सरोज, एसपी, नवगछिया
