नवगछिया । जिस पुत्र से पिता को बुढ़ापे का सहारा बनने की उम्मीद थी उसी ने पिता को दस्तावेजों में मृत घोषित कर जमीन अपने नाम करवा ली। ऐसा ही अजीबो-गरीब मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में आया है। घटना प्रकाश में आने के बाद पूरे समाज में यह चर्चा का विषय बन गया है।
डुमरिया निवासी गोपाल मंडल ने अपने बड़े पुत्र के खिलाफ गोपालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में बताया है कि कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने मेहनत मजदूरी कर पांच कट्ठा जमीन खरीदी थी। उनके तीन पुत्र थे जिनमें दो पुत्र और एक पुत्रवधू की गंभीर बीमारी के कारण कुछ वर्ष पूर्व मौत हो गई। बीमारी और श्राद्ध में उन्हें कर्ज लेकर खर्च करना पड़ा।
यह मामला तब उजागर हुआ जब उन्होंने महाजन का कर्ज चुकाने के लिए एक कट्ठा जमीन किसी के यहां बिक्री की। जमीन खरीदने वाले खरीददार ने जब जमीन का दाखिल खारिज कराने गोपालपुर अंचल कार्यालय में आवेदन दिया तो पता चला कि यह जमीन उनके बड़े पुत्र भोला मंडल ने पिता की मृत्यु के बाद जमीन अपने नाम करवा लिया गया है। यह सुनते ही गोपाल मंडल के पैरों तले जमीन खिसक गई। और वे फूट-फूटकर रोने लगे।

गोपालपुर पुलिस घटना की जांच कर रही है। वहीं सरकारी दस्तावेज मृत पिता सरकारी कार्यालय का चक्कर लगाकर अपने आप को जीवित साबित करने में लगे हुए हैं। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

