नवगछिया: भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलहा बाजार में दुकानदार के साथ मारपीट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अवैध देसी कट्टा भी बरामद किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 को बलहा बाजार में दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अपराधियों ने एक दुकानदार के साथ मारपीट की थी। इसके बाद इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की गई थी। घटना के संबंध में भवानीपुर थाना में कांड संख्या-122/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी अभियान चलाकर 15 जून को इस कांड में शामिल रम्पी यादव और प्रिंस झा उर्फ अनुभव शांडिल्य को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी माधव कुमार को भी पकड़ा गया, जिसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया।

हथियार बरामदगी को लेकर भवानीपुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है।

मंगलवार को नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है तथा मामले में आगे की जांच और कार्रवाई लगातार जारी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....