नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र के सधुआ चापर गांव में जयजयराम यादव हत्याकांड में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार, चंदन कुमार और गुंजन कुमार के रूप में हुई है। तीनों देवन यादव के पुत्र और आपस में भाई हैं।
Total Downloads: 266
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे दोनों परिवारों के बीच वर्ष 2023 से चला आ रहा रास्ते का विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल किए गए खून लगे बांस के टुकड़े और लोहे की कुंडी भी बरामद की है।
शव मिलने के बाद गठित हुई SIT
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को सधुआ चापर गांव में जयजयराम यादव का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर नवगछिया एसपी, एसडीपीओ, रंगरा थाना पुलिस और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के बाद एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए गए।

मृतक के पुत्र के आवेदन पर रंगरा थाना में कांड संख्या 237/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में SIT गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की।
मृतक के भतीजे हैं गिरफ्तार तीनों आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपी मृतक के भतीजे हैं। उनके पिता देवन यादव और मृतक जयजयराम यादव सगे भाई थे। दोनों परिवारों के बीच रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को भी रास्ते को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।
पुलिस की पूछताछ में सामने आए कथित घटनाक्रम के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने अपने पिता के साथ मिलकर जयजयराम यादव की हत्या की योजना बनाई। आरोपियों के अनुसार, रेलवे छोटी बांध स्थित वासा पर जयजयराम यादव पर लाठी और लोहे की कुंडी से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खून लगा बांस का टुकड़ा और लोहे की कुंडी बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
