नवगछिया : नवगछिया प्रखंड के मदहदपुर मध्य विद्यालय के पास से गुजरने वाली सड़क की तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है. हर कोई तस्वीर को देख कर अंदाजा लगा रहा है कि यह बाढ़ के दिनों का फाइल फोटो होगा. लेकिन हकीकत यह है कि वर्तमान में मध्य विद्यालय के पास सौ मीटर से अधिक दूरी तक सड़क पर देर से 2 फीट वर्षा के जल का जमाव हो गया है. ग्रामीण इस बात से काफी परेशान हैं कि अभी मानसून आया भी नहीं है हल्की फुल्की बरसात में ही सड़क की हालत नदी के जैसी है. मानसून के आने के बाद सड़क की हालत क्या होगी ! ग्रामीणों का कहना है कि विगत दो-तीन वर्षों से उक्त स्थल पर जलजमाव की समस्या आ रही है.
Total Downloads: 119
लेकिन इसका निदान नहीं किया गया. ग्रामीण बताते हैं कि पिछले वर्ष मानसून में मध्य विद्यालय परिसर में भी पानी प्रवेश कर गया था जिसके कारण पठन पाठन प्रभावित हो गया था. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने अनुज कुमार चौरसिया के नेतृत्व में नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार से मिलकर उक्त समस्या से अवगत कराते हुए निदान की मांग की है. मिथुन, अनुज, मनीष, अर्जुन, जितेंद्र, सुमित,निलेश कुमार, छोटू सिंह, पुकुल कुमार आदि अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों उन लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है.

अगर लोगों को कहीं जाना होता है तो पहले गमछा लपेट कर जलजमाव वाले सड़क को पार करते हैं फिर सड़क पर ही कपड़ा पहनकर बाहर के लिए निकलते हैं. ऐसे लोग जब बाहर से वापस आते हैं तो जलजमाव से पहले ही अपने कपड़े खोलकर गमछा लपेट कर फिर अपने घर वापस जाकर कपड़े पहनते हैं. छात्रों ने बताया कि नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार ने उन लोगों को सकारात्मक आश्वासन दिया. इधर छात्र नेता अनुज कुमार चौरसिया ने कहां की अगर जल्द से जल्द इस समस्या का निदान नहीं किया गया तो वे लोग आंदोलन करने को बाध्य हो जाएंगे.

