नवगछिया: गोपालपुर प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कुंदन कुमार की अध्यक्षता में सभी प्रधानाध्यापकों और प्रधान शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाना तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
Total Downloads: 87
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ कुंदन कुमार ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना प्रधानाध्यापकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित समीक्षा, छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विभागीय निर्देशों का समय पर अनुपालन करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान विद्यालयों में संचालित पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बीडीओ ने निर्देश दिया कि बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार ही भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।

इसके अलावा विद्यालयों के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने, सभी आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने और विभागीय योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था में लगातार सुधार के लिए सभी प्रधानाध्यापक सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में अनिल कुमार अनल, अमन कुमार, रूपेश कुमार सिंह, योगेश कुमार, अनिल कुमार, आरती कुमारी, लीना कुमारी और जय कुमार सहित प्रखंड के सभी प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं, पीएम पोषण योजना के प्रखंड साधनसेवी विकास कुमार, लेखापाल अर्चना कुमारी तथा कार्यपालक सहायक छोटू कुमार भी बैठक में मौजूद रहे।
