गोपालपुर। सैदपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के छात्रावास में सोमवार देर शाम तीन छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। छात्राओं द्वारा कथित तौर पर फिनायल पीने की बात सामने आई है। दो छात्राओं को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने के बाद छात्रावास में मौजूद अन्य छात्राओं ने वार्डन को इसकी जानकारी दी।

मामले की जानकारी मिलते ही वार्डन शीला कुमारी ने तीनों छात्राओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), गोपालपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

वार्डन के अनुसार, इलाज के बाद तीनों छात्राओं की स्थिति ठीक है।

कमरे की सफाई के लिए रखा था फिनायल : वार्डन

वार्डन शीला कुमारी के अनुसार, एक छात्रा अपने कमरे की सफाई के लिए एक ग्लास में फिनायल लाकर रखी थी। उनका कहना है कि तीनों छात्राओं ने ग्लास में रखे फिनायल को दूध समझ लिया और किचन में ले जाकर उससे चाय बनाकर पी ली।

बीमार छात्राओं में नैना कुमारी और मनीषा कुमारी, दोनों कक्षा 10वीं की छात्राएं हैं। वहीं ब्यूटी कुमारी कक्षा 11वीं में पढ़ती है। नैना और मनीषा डुमरिया की रहने वाली हैं, जबकि ब्यूटी कुमारी इस्माईलपुर की रहने वाली बताई गई है।

तबीयत बिगड़ने पर वार्डन को दी जानकारी

फिनायल पीने के बाद दो छात्राओं को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद छात्रावास की अन्य छात्राओं ने वार्डन को इसकी जानकारी दी। वार्डन ने बिना देर किए तीनों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी छात्राओं के माता-पिता को भी दी गई।

छात्रावास में करीब 100 छात्राओं का नामांकन

विद्यालय के संचालक सह इंटरस्तरीय प्रोजेक्ट कन्या विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि छात्रावास में करीब 100 छात्राओं का नामांकन है, जबकि वर्तमान में करीब 40 छात्राएं रह रही हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि सभी छात्राओं की स्थिति ठीक है।

बाढ़ निरीक्षण के दौरान एसपी को मिली जानकारी

इधर, बाढ़ और कटाव के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से भागलपुर एसपी वैभव शर्मा को छात्राओं के बीमार होने की जानकारी मिली। इसके बाद एसपी तत्काल कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के छात्रावास पहुंचे और संचालक से घटना की जानकारी ली।

एसपी ने गोपालपुर थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह को मामले की जांच-पड़ताल करने का निर्देश दिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फिनायल छात्राओं तक कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई।

फिलहाल तीनों छात्राओं के इलाज के बाद ठीक होने की जानकारी दी गई है। घटना के बाद छात्रावास में सफाई में इस्तेमाल होने वाले रसायनों के सुरक्षित रखरखाव और छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *