नवगछिया: नवगछिया अनुमंडल के इस्माईलपुर-बिंद टोली क्षेत्र में चल रहे कटाव निरोधी कार्य के दौरान शनिवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक ग्रामीण का कथित रूप से मोबाइल फोन छीन लिए जाने का आरोप सामने आया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ कार्यस्थल पर जुट गई और कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, एक ग्रामीण सिंगल सीट पाइलिंग कार्य का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान उसका मोबाइल छीने जाने का आरोप लगाया गया। घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कार्य की पारदर्शिता को लेकर नाराजगी जताने लगे।
मामले की जानकारी मिलने पर जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कटाव निरोधी कार्य को रोकने का निर्देश दिया। जिप अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी सरकारी कार्य में पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है तथा ग्रामीणों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

घटना को लेकर कुछ समय तक कार्यस्थल पर तनाव का माहौल बना रहा। बाद में जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार भी मौके पर पहुंचे और संबंधित पक्षों से बातचीत कर विवाद को शांत कराया।
कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि मोबाइल छीने जाने को लेकर उत्पन्न विवाद का समाधान करा दिया गया है। सभी पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद कटाव निरोधी कार्य को पुनः शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है और यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी जांच की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई। वहीं मामले को लेकर आगे की कार्रवाई और कार्य संचालन के संबंध में विभागीय स्तर पर विचार किया जा रहा है।

