नवगछिया। शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मकनपुर चौक पर प्रशासन ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क के दोनों किनारों पर किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीन और मजदूरों की मदद से हटाया गया।
अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन की मौजूदगी में सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे, अवैध दुकानें और अन्य अतिक्रमण को हटाकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान नवगछिया के एसडीएम, नगर परिषद के अधिकारी, नवगछिया थाना एवं गोपालपुर थाना की पुलिस के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।

नगर परिषद के पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद कई लोगों द्वारा सरकारी भूमि और सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जे नहीं हटाए गए, जिसके बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।
उन्होंने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि कोई व्यक्ति दोबारा सरकारी जमीन या सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

