प्रखंड की बैकंठपुर दुधैला पंचायत में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि से कटाव तेज हो गया है। रविवार देर रात चार घर नदी में समा गये। साथ ही मध्य विद्यालय दुधैला दो सहित 50 घरों पर खतरा मंडराने लगा है। गंगा का रौद्र रूप देख लोग सहम गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि देर शाम ग्रामीण जंगली मंडल, दामोदर मंडल, लक्ष्मण मंडल एवं डब्लू मंडल का घर गंगा नदी में समा गया।
इसके बाद से गांव में अफरातफरी का माहौल है। ग्रामीण नदी का कटाव देख सुरक्षित जगह की तलाश में जुट गये हैं। वहीं रविवार दिन में एक घर कटने की सूचना पर पहुंचे सीओ ने बताया था कि इस वर्ष कोई घर नहीं कटा है। करीब 100 मीटर में कटाव हो रहा है,

जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। रेणु देवी, मुन्नी देवी, प्रियंका देवी, सुलो देवी, रेखा देवी, सिंधु देवी, माखो देवी, मनोज मंडल, राजेश मंडल, शंभू मंडल, चन्द्रदेव मंडल, रामवतार मंडल, अमित, भागो, उपमुखिया राधे मंडल सहित अन्य ने बताया कि पिछले साल 165 घर नदी में समा गये थे।


