नारायणपुर। नवगछिया पुलिस जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। हादसा नारायणपुर विद्युत ग्रिड के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले से एक दंपती अपने दो बच्चों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे नारायणपुर विद्युत ग्रिड के समीप पहुंचे, चालक का बाइक से संतुलन बिगड़ गया और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक, उसकी पत्नी और दोनों बच्चों के सिर एवं चेहरे पर चोटें आई हैं।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।

घायलों की पहचान खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के मानसी टोला गौछारी निवासी स्वर्गीय रमेश मंडल के पुत्र अमरजीत कुमार (28 वर्ष), उनकी पत्नी रूबी देवी (25 वर्ष), पुत्र प्रियांशु राज (5 वर्ष) तथा पुत्री कीर्ति कुमारी (2 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बाइक का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....