नारायणपुर। प्रखंड के शाहपुर चौहद्दी स्थित मुख्य सड़क पर बजरंगबली चौक के समीप एक सप्ताह से सड़क पर फैली मिट्टी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक द्वारा गलती से 10 से 12 ट्रॉली मिट्टी सड़क पर गिरा दिए जाने के बाद अब तक उसे हटाया नहीं गया है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

स्थानीय निवासी रमन कुमार ने बताया कि यह मिट्टी भगवान पेट्रोल पंप के समीप निर्माणाधीन नई सड़क के लिए लाई जा रही थी। डंपिंग के दौरान ट्रैक्टर चालक से चूक हो गई और पूरी मिट्टी बजरंगबली चौक के पास मुख्य सड़क पर गिर गई। इसके बाद से सड़क पर फिसलन की स्थिति बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर फैली मिट्टी के कारण कई बाइक और अन्य वाहन चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं। यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेज आते-जाते हैं। ऐसे में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर पड़ी मिट्टी को अविलंब हटाया जाए, ताकि आम लोगों की आवाजाही सुरक्षित हो सके और संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....