नवगछिया। साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना नवगछिया की पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में पीड़ितों को उनकी ठगी गई पूरी रकम वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद दोनों पीड़ितों को कुल 4 लाख 99 हजार रुपये वापस मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, नवगछिया थाना क्षेत्र के मक्खातकिया निवासी बिनोद सहनी के पुत्र प्रेम कुमार साइबर ठगी के शिकार हुए थे। साइबर अपराधियों ने उनके साथ 4 लाख 80 हजार रुपये की ठगी की थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद साइबर थाना नवगछिया की टीम ने तत्काल संबंधित बैंकिंग माध्यमों से कार्रवाई शुरू की। पुलिस के प्रयास से ठगी की पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।

19 हजार रुपये की ठगी भी हुई वापस

दूसरे मामले में नवगछिया थाना क्षेत्र के नवादा निवासी वकील प्रसाद यादव के पुत्र संजय कुमार सुमन साइबर ठगी का शिकार हुए थे। साइबर अपराधियों ने उनके खाते से 19 हजार रुपये की ठगी की थी।

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना नवगछिया ने एमआरएम पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई शुरू की। पुलिस के प्रयास से ठगी गई पूरी 19 हजार रुपये की राशि भी पीड़ित को वापस करा दी गई।

इस तरह दोनों मामलों में साइबर ठगी की कुल 4 लाख 99 हजार रुपये की राशि पीड़ितों को वापस मिल गई। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ितों ने साइबर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई के प्रति संतोष जताया।

साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस की अपील

पुलिस ने आम लोगों से साइबर अपराध को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें।

किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन लेनदेन करने से भी बचने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी होने पर पीड़ित बिना देरी किए साइबर थाना या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें। समय पर सूचना मिलने से ठगी गई रकम को रोकने और उसे वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *