नवगछिया। नवगछिया के ढोलबज्जा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो सौतन के बीच घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में पहली पत्नी निभा कुमारी (20) घायल हो गईं। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया।
Total Downloads: 227
परिजनों के अनुसार, निभा कुमारी के पति अखिलेश मंडल हैदराबाद में मजदूरी करते हैं। बताया गया कि अखिलेश की दो पत्नियां हैं और दोनों अलग-अलग रहती हैं। पहली पत्नी निभा के रहते हुए वह दूसरी महिला कंचन देवी को भी अपने साथ घर ले आया था।
परिवार के लोगों ने बताया कि कंचन देवी पहले किसी अन्य व्यक्ति की पत्नी थी। बाहर मजदूरी के दौरान अखिलेश और कंचन के बीच प्रेम संबंध हुआ, जिसके बाद वह उसे अपने घर ले आया। कंचन के साथ उसकी दो बेटियां हैं, जबकि पहली पत्नी निभा की एक बेटी है।

मंगलवार को किसी बात को लेकर दोनों महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान निभा कुमारी घायल हो गईं। घायल महिला के ससुर जीरो मंडल और सास रीना देवी ने आरोप लगाया कि कंचन देवी अक्सर घर में विवाद करती है और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी धक्का-मुक्की करती रहती है।
डायल-112 की टीम ने पहुंचकर कराया इलाज
मारपीट की सूचना मिलते ही ईआरवी-15 की डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम में पुलिस पदाधिकारी विभा देवी, सिपाही सुप्रिया कौर और चालक बीपी यादव शामिल थे। पुलिस ने घायल निभा कुमारी को तत्काल नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस पदाधिकारी विभा देवी ने बताया कि दो महिलाओं के बीच मारपीट की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। वहां एक महिला घायल अवस्था में मिली, जिसे अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि मारपीट करने वाली महिला घायल महिला के पति की दूसरी पत्नी है। मामले की जांच की जा रही है।
