पटना/नवगछिया: राजधानी पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के जिला अध्यक्षों की बैठक के दौरान लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) नवगछिया के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र शर्मा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर नवगछिया क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए नवगछिया को पूर्ण राजस्व जिला घोषित करने समेत कई विकासात्मक मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

नवगछिया को राजस्व जिला बनाने की प्रमुख मांग

ज्ञापन में बिजेंद्र शर्मा ने कहा कि वर्ष 1994 से नवगछिया पुलिस जिला के रूप में कार्यरत है, लेकिन आज तक इसे पूर्ण राजस्व जिला का दर्जा नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि यदि नवगछिया को राजस्व जिला बनाया जाता है तो प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होगा और लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए दूसरे जिलों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

विकास से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए

मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में रंगरा डिग्री कॉलेज के मामले में पुनर्विचार, मदरौनी घाट पर पीपा पुल निर्माण, कटे सोहरा बांध के पुनर्निर्माण तथा नवगछिया अनुमंडल के विभिन्न अंचल कार्यालयों में आम लोगों को होने वाली समस्याओं के स्थायी समाधान की भी मांग की गई।

ट्रॉमा सेंटर और सदर अस्पताल की मांग

बिजेंद्र शर्मा ने कहा कि नवगछिया क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं और गंभीर मरीजों के इलाज के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना और सदर अस्पताल खोले जाने की मांग करते हुए कहा कि इससे हजारों लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिलाध्यक्ष द्वारा सौंपे गए ज्ञापन को स्वीकार करते हुए सभी मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। मुलाकात के बाद बिजेंद्र शर्मा ने कहा कि नवगछिया की जनता लंबे समय से इन जनहित के मुद्दों के समाधान की प्रतीक्षा कर रही है। उन्हें उम्मीद है कि राज्य सरकार इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र के विकास को नई गति देगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....