नवगछिया। परवत्ता थाना क्षेत्र के जाह्नवी चौक के समीप महादेवपुर घाट पर शुक्रवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गहरे पानी में जाने से दो किशोर डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 13 वर्षीय अभिषेक कुमार गंगा की तेज धारा में लापता हो गया। शुक्रवार से जारी तलाश के बाद शनिवार दोपहर स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसका शव बरामद किया गया।

मृतक अभिषेक कुमार रंगरा चौक थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी मनोज यादव का 13 वर्षीय पुत्र था। बताया गया कि अभिषेक अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने महादेवपुर घाट पहुंचा था। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह अन्य लोगों के साथ गंगा स्नान करने लगा।

इसी दौरान अभिषेक और उसके साथ मौजूद निखिल अचानक गहरे पानी में चले गए। दोनों किशोरों को डूबता देखकर घाट पर अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर दोनों को बचाने का प्रयास किया।

लोगों ने निखिल को बचाया, अभिषेक का नहीं मिला पता

स्थानीय लोगों की तत्परता से निखिल को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अभिषेक का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली।

बेटे के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में अभिषेक के परिजन रातभर महादेवपुर घाट पर डटे रहे। परिवार की निगाहें लगातार गंगा की ओर टिकी रहीं। परिजनों के लिए रात बेहद मुश्किल भरी रही।

शनिवार दोपहर नदी से निकाला गया शव

शनिवार दोपहर स्थानीय गोताखोरों ने अभिषेक के शव को नदी से बरामद कर लिया। शव मिलते ही घाट पर मातम छा गया। बेटे का शव देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीण भी इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर भावुक हो गए।

जिस महादेवपुर घाट पर परिवार एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचा था, उसी घाट से अगले दिन उन्हें अपने 13 वर्षीय बेटे का शव लेकर लौटना पड़ा।

भवानीपुर पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रयास कर निखिल को बचा लिया था। अभिषेक गहरे पानी में चला गया था, जिसकी शुक्रवार से तलाश की जा रही थी। शनिवार को गोताखोरों की मदद से उसका शव बरामद हुआ।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

इस्माइलपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि अभिषेक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *