नवगछिया। सोमवार को सेमेस्टर-2 की परीक्षा देने मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय जा रही चार छात्राओं में से दो छात्राएं ट्रेन के झटके की चपेट में आकर घायल हो गईं। हादसा रेलवे फाटक के अस्थायी रूप से बंद रहने के कारण ट्रैक के किनारे से गुजरने के दौरान हुआ।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल छात्राओं को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही थी।

दो छात्राएं घायल, दो सुरक्षित

घायल छात्राओं की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी दिनेश शर्मा की पुत्री मुस्कान कुमारी और कुशहा निवासी सुनील शर्मा की पुत्री जूली कुमारी (18 वर्ष) के रूप में हुई है।

वहीं, उनके साथ परीक्षा देने जा रही कुशहा निवासी शंकर साह की पुत्री रौशनी कुमारी (18 वर्ष) और रायपुर निवासी चंदेश्वर शर्मा की पुत्री तमन्ना कुमारी (18 वर्ष) हादसे में सुरक्षित रहीं।

फाटक बंद होने के कारण ट्रैक के किनारे से गुजर रही थीं

जानकारी के अनुसार चारों सहेलियां सेमेस्टर-2 की परीक्षा देने मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय जा रही थीं। इसी दौरान रेलवे फाटक अस्थायी रूप से बंद मिला। परीक्षा में समय पर पहुंचने की जल्दबाजी में चारों छात्राएं रेलवे ट्रैक के किनारे से होकर आगे बढ़ने लगीं।

इसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई। ट्रेन के गुजरने के दौरान लगे झटके से मुस्कान और जूली उसकी चपेट में आकर घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय युवकों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के तुरंत बाद घनश्याम कुमार, रिकेश यादव और सौरभ यादव ने तत्परता दिखाई और घायल छात्राओं को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर करने की सलाह दी।

फाटक बंद रहने से हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक के अस्थायी रूप से बंद रहने के कारण लोगों को मजबूरी में रेलवे ट्रैक के किनारे से आवागमन करना पड़ता है। इससे कभी भी गंभीर हादसा होने का खतरा बना रहता है।

लोगों ने रेलवे और प्रशासन से फाटक को जल्द खोलने और लोगों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

आरपीएफ ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि आरपीएफ थाना प्रभारी मुन्ना कुमार पासी ने की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *