नवगछिया। परवत्ता थाना क्षेत्र के खगड़ा गांव के समीप बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में इंटर स्तरीय विद्यालय की शिक्षिका मोनिका चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और डायल-112 पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उन्हें तत्काल इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोनिका चौधरी प्रतिदिन की तरह भागलपुर स्थित अपने आवास से स्कूटी पर सवार होकर कटिहार जिले के कुर्सेला प्रखंड स्थित डुम्मर इंटर स्तरीय विद्यालय ड्यूटी के लिए जा रही थीं। इसी दौरान परवत्ता थाना क्षेत्र के खगड़ा गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप उनकी स्कूटी अचानक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल शिक्षिका की मदद की। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शिक्षिका को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया।

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार दुर्घटना में शिक्षिका के पैर में गंभीर चोट आई है। उनका इलाज जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना उनके परिजनों और विद्यालय प्रशासन को भी दे दी गई है।

अस्पताल में इलाज के दौरान शिक्षिका ने बताया कि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद से उन्हें प्रतिदिन भागलपुर से कटिहार तक लंबी दूरी स्कूटी से तय करनी पड़ रही है। लंबी यात्रा के कारण लगातार शारीरिक और मानसिक थकान बनी रहती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इस व्यस्त मार्ग पर वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। वहीं, समय पर मदद पहुंचाकर घायल शिक्षिका को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों और डायल-112 पुलिस की तत्परता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....