नवगछिया: ऑनलाइन ठगी के मामलों पर अंकुश लगाने की दिशा में नवगछिया साइबर थाना को एक बड़ी सफलता मिली है। साइबर अपराधियों द्वारा ठगी का शिकार बने एक युवक को उसकी पूरी राशि वापस दिलाने में पुलिस सफल रही है।
जानकारी के अनुसार, नयाटोला निवासी अंशु कुमार जायसवाल के खाते से साइबर ठगों ने 25 हजार रुपये की ठगी कर ली थी। घटना के बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही नवगछिया साइबर थाना की टीम हरकत में आई और मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने प्रतिबिंब पोर्टल, बैंकिंग समन्वय और तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से कार्रवाई करते हुए ठगी गई पूरी राशि को ट्रेस कर लिया। लगातार प्रयासों के बाद 25 हजार रुपये की रकम सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।

साइबर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित को उसकी राशि वापस मिल चुकी है। वहीं, इस मामले में शामिल साइबर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
राशि वापस मिलने पर पीड़ित और उसके परिवार ने साइबर थाना की तत्परता की सराहना की। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराध के बीच नवगछिया साइबर थाना की यह कार्रवाई आम लोगों के लिए राहत और जागरूकता का संदेश लेकर आई है।

