नवगछिया: रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव से लापता 15 वर्षीय किशोर दीपक कुमार की बरामदगी को लेकर उसकी मां जूली देवी ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) नवगछिया को आवेदन देकर बेटे को सकुशल खोजने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, दीपक कुमार 8 अप्रैल की रात करीब 12 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
जूली देवी ने बताया कि कुछ दिनों बाद दीपक के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल, मैसेज और अश्लील वीडियो आने लगे। जब उसी नंबर पर संपर्क किया गया तो फोन उठाने वाले व्यक्ति ने किसी लड़की से जुड़े विवाद की बात कही। बाद में इंस्टाग्राम पर “m” नाम की एक आईडी से दीपक की दो तस्वीरें भी पोस्ट की गईं।

परिजनों का आरोप है कि उस इंस्टाग्राम आईडी से संपर्क करने पर एक युवती ने बताया कि उसका भाई गुजरात के वापी में रहता है और दीपक कुछ दिनों तक उसके साथ था। युवती ने यह भी दावा किया कि बाद में दीपक को एक पेन फैक्ट्री में काम पर लगा दिया गया।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में अलग-अलग मोबाइल नंबरों से परिजनों को फोन कर सिर्फ इतना बताया गया कि दीपक पेन फैक्ट्री में काम कर रहा है, लेकिन उसकी बात नहीं कराई गई। एक कॉल के दौरान परिजनों को कथित तौर पर धमकी भी दी गई कि “जो करना है कर लीजिए, दीपक नहीं मिलेगा।”
जूली देवी ने एसपी से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने, अपने नाबालिग पुत्र की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने तथा मामले में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल इस आवेदन पर पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई या किसी आधिकारिक प्रगति की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

