नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बीरबन्ना चौक के समीप चलती मोटरसाइकिल के चैन में महिला का आंचल फंस जाने से वह सड़क पर गिर पड़ी और घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे तीन लोग एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिहपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक महिला का आंचल बाइक के चैन में फंस गया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि महिला के बाएं हाथ में फ्रैक्चर होने की आशंका है। उसकी स्थिति की पुष्टि के लिए आगे की जांच की जा रही है।

घायल महिला की पहचान नारायणपुर प्रखंड के आशाटोल गांव निवासी राजू कुमार की पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है।

घायल महिला की सास अंजू देवी ने बताया कि परिवार नई खरीदी गई गाय का दूध चढ़ाने के लिए मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड स्थित पचरासी के लौआलगान में अवस्थित विशु बाबा स्थान जा रहा था। इसी दौरान बीरबन्ना चौक के पास यह दुर्घटना हो गई।

हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार अन्य दो लोग सुरक्षित बच गए। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....