नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र के ज्ञानी दस टोला में शनिवार सुबह चप्पल पहनते समय 16 वर्षीय छात्रा अंशु कुमारी को जहरीले रसेल वाइपर सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
Total Downloads: 160
जानकारी के अनुसार, ज्ञानी दस टोला निवासी पंकज मंडल की पुत्री अंशु कुमारी सुबह करीब चार बजे शौचालय जाने के लिए चप्पल पहन रही थी। इसी दौरान चप्पल के पास छिपे सांप ने उसके पैर में डस लिया। सांप के काटने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बिना देर किए छात्रा को अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद परिजनों ने सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया और पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसे भी अस्पताल लेकर पहुंचे। डिब्बे में सांप को देखकर अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना वन विभाग को भी दी गई।

अंशु के बड़े पापा मनोज मंडल ने बताया कि परिजनों ने सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़कर डिब्बे में बंद किया था। परिजनों के अनुसार सांप की पहचान रसेल वाइपर के रूप में हुई है।
अस्पताल में छात्रा का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अंशु को अब तक 26 एंटी-स्नेक वेनम (एंटी-डॉट) वायल दिए जा चुके हैं और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। उसे चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद ज्ञानी दस टोला और आसपास के इलाकों में जहरीले सांपों को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई है।
