भागलपुर/बांका: बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-8 में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मोबाइल गेम खेलने की आदत और पढ़ाई को लेकर पिता की फटकार से आहत एक 20 वर्षीय छात्र ने घर में रखी एक्सपायर दवा की गोलियां खा लीं। इलाज के दौरान भागलपुर के मायागंज अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान अमरपुर निवासी विक्रम शाह के पुत्र कृष कुमार (20) के रूप में हुई है। बताया गया कि कृष इंटरमीडिएट परीक्षा में असफल हो गया था। इसके बाद वह पढ़ाई से दूर होकर मोबाइल गेम और अन्य गतिविधियों में अधिक समय बिताने लगा था।

परिजनों के अनुसार, कृष ने इंटर में साइंस विषय से पढ़ाई की थी। परीक्षा में असफल होने के बाद उसे दोबारा तैयारी के लिए भागलपुर के मनाली क्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान में दाखिला दिलाया गया था। परिवार चाहता था कि वह मेहनत कर बेहतर अंक के साथ परीक्षा पास करे, लेकिन वह पढ़ाई की बजाय मोबाइल में अधिक समय देने लगा था।

इसी बात को लेकर पिता ने उसे समझाया और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। बताया जा रहा है कि पिता की डांट से नाराज होकर कृष ने घर में रखी रथी-नाई टैबलेट की 11 एक्सपायर गोलियां खा लीं। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे अमरपुर अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया।

मृतक के बड़े पापा विवेक कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के बाद उन्होंने चिकित्सकों से तत्काल पेट साफ करने और बेहतर इलाज की गुहार लगाई थी। उनका आरोप है कि समय पर पर्याप्त उपचार नहीं मिलने के कारण छात्र की जान नहीं बच सकी।

कृष कुमार दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई बाहर रहकर पढ़ाई करता है, जबकि पिता विक्रम कुमार अमरपुर में किराना दुकान चलाते हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए शव को अपने साथ घर ले गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....