भागलपुर: जिले के उन प्रखंडों में जहां अब तक डिग्री महाविद्यालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना कर एक जुलाई से पठन-पाठन शुरू कराने की दिशा में प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिला पदाधिकारी ने जिला नजारत शाखा के प्रभारी पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने बताया कि 2 जून को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में राज्य सरकार की ओर से निर्देश दिया गया था कि जिन प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालय नहीं हैं, वहां नए महाविद्यालय स्थापित कर उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए और एक जुलाई से शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ की जाएं।
निर्देश के आलोक में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने तथा पठन-पाठन शुरू कराने के लिए जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। डीएम ने विशेष रूप से 25 जून तक सभी प्रशासनिक एवं आधारभूत तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है, ताकि नए महाविद्यालयों में समय पर शैक्षणिक सत्र का संचालन शुरू हो सके।

प्रशासन की इस पहल से उन प्रखंडों के छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी, जहां उच्च शिक्षा के लिए अब तक दूसरे शहरों या प्रखंडों पर निर्भर रहना पड़ता था। नए डिग्री कॉलेजों के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

