बुधवार को महालया के मौके पर गंगा स्नान के दौरान होने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जायेगा। मंगलवार की देर रात दो बजे से सबौर, जगदीशपुर और नवगछिया की तरफ भारी वाहनों को रोक दिया जायेगा। भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जायेगा। सोमवार को एसपी सिटी स्वर्ण प्रभात ने ट्रैफिक थाना प्रभारी के साथ बैठक की और महालया के मौके पर होने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने को लेकर निर्देश दिये।
पॉलिटेक्निक के पास बनेगी पार्किंग, घाट पर नहीं जायेंगे वाहन
बुधवार को महालया और उस मौके पर गंगा स्नान के लिए आने वाले लोगों को परेशानी न हो इसके लिए पॉलिटेक्निक के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वहां पर लोग अपने वाहन को खड़ी कर गंगा स्नान के लिए पैदल जा सकेंगे। बरारी स्थित घाटों पर किसी को भी वाहन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

पुलिस छोटे वाहनों की पार्किंग को लेकर विक्रमशिला टीओपी के पीछे महिला आईटीआई के आगे खाली जमीन का भी विकल्प रखेगी। नवगछिया की तरफ से आने वाले छोटे वाहनों को वहां पर पार्किंग दी जा सकती है। महालया के दौरान न सिर्फ शहर के बल्कि नवगछिया और आस-पास के इलाके के काफी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आयेंगे।


