नवगछिया : मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र के खेरो गांव के निवासी शंकर साह के 32 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार गुप्ता की नवगछिया में अपराधियों ने गला दबा कर हत्या कर दी है. नीतीश शुक्रवार को रात दस बजे अपने ट्रैक्टर पर 130 बोरा आलू लोड कर मिरजा चौकी भागलपुर के लिए निकला था. भागलपुर में आलू बेच कर वह उसी ट्रैक्टर पर बालू लोड कर शनिवार को घर की ओर रवाना होने वाला था. नीतीश का शव बाबा बिशु राउत सेतु एप्रोच पथ में बनाये गये आवेरब्रीज के नीचे भंवरा के पास से शनिवार को सुबह बरामद हुआ.
Total Downloads: 117
नीतीश के मुंह से और चेहरे पर खून के निशान थे. प्रथम दृष्टया शव देखने से ही प्रतीत हो रहा था कि युवक की हत्या गला दबा कर की गयी है. शव मिलने के छ: घंटे तक शव की शिनाख्त नहीं हो पायी लेकिन सोसल मीडिया में नीतीश की मृत तस्वीर वायरल होने के बाद परिजनों ने नवगछिया अस्पताल पहुंच कर शव की शिनाख्त की. नीतीश के पिता शंकर साह का कहना है कि जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के कारण उसके पुत्र की हत्या कर दी गयी है. इस बाबत मृतक के पिता शंकर साह ने गांव के ही केसी शर्मा, जयकिशोर शर्मा, हरिमोहन शर्मा, संजय शर्मा, मोहन शर्मा को नामजद किया गया है. शंकर साह ने बताया कि गांव के पास ही डेढ़ बीघा जमीन का उपरोक्त आरोपियों के साथ विवाद चल रहा है.

उक्त जमीन उनलोगों की पुस्तैनी जमीन है. नये सर्वे में यह जमीन बिहपुर के झंडापुर निवासी विमल कुमार के नाम से हो गया और विमल ने उक्त जमीन को उपरोक्त आरोपितों के यहां बेच दिया. मामले में उनलोगों ने न्यायालय की शरण ली है और दिवानी वाद में अपना पक्ष रख रहे हैं. इसी खुन्नस में कई बार आरोपियों द्वारा उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट, गालीगलौज और जाम मारने की धमकी देने की घटना को भी अंजाम दिया गया है. शुक्रवार की रात्रि में भी देर रात दो बजे आरोपी पक्ष गांव में मोटरसाइकिल से चहलकदमी कर रहे थे. जिससे उनलोगों को पक्के तौर पर कह सकते हैं कि आरोपियों ने नीतीश को पहले अगवा किया और फिर हत्या कर उसके शव को बाबा बिशु राउत सेतु पथ के नीचे फेंक दिया.
इधर मामले की छानबीन में जुटी नवगछिया पुलिस ने नीतीश का ट्रैक्टर परवत्ता थाना क्षेत्र के छोटी परवत्ता गांव के पास से लावारिस अवस्था में बरामद किया है. ट्रैक्टर पर करीब एक लाख रूपये का आलू था जो पुरी तरह से सुरक्षित है. इससे स्पष्ट है कि अपराधियों की मंशा लूट करने की नहीं थी बल्कि अपराधी किसी न किसी कारण वश सिर्फ नीतीश की हत्या करने का इरादा रखते थे. नीतीश का मोबाइल गायब पाया गया है. उसके जेब से मिरजाचौकी के एक व्यवसायी का मोबाइल नंबर मिला है.

घटना की सूचना मिलने पर नवगछिया के एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती, नवगछिया के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजकपूर कुशवाहा ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की है. इधर नीतीश के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता शंकर साह, भाई मेजर कुमार गुप्ता, बहन मीना देवी, गुड़िया देवी, गुड्डी देवी व कई ग्रामीण अस्पताल पहुंचे थे.
कहती है पुलिस
नवगछिया थाना के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजकपूर कुशवाहा ने कहा कि मामला जमीन विवाद है. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है

