नवगछिया : बिहार बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में नवगछिया की टीम विजेता बनी। बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में मधेपुरा जिला बॉल बैडमिंटन संघ द्वारा कामेश्वर मध्य विद्यालय, परमानंदपुर, मधेपुरा में खेली जा रही शहीद कैप्टन आशुतोष मेमोरियल 31वीं बिहार राज्य सीनियर बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में नवगछिया ने एकलव्य स्पोर्ट्स एकेडमी को 35-30, 35-32 से पराजित किया।

जबकि महिला वर्ग के फाइनल में गत वर्ष की विजेता वैशाली ने बेगूसराय को 35-33, 35-30 से हराकर नौवीं बार विजेता का खिताब जीता। चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में पटना और बेगूसराय को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त हुआ, जबकि महिला वर्ग में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान नवगछिया और एकलव्य स्पोर्ट्स एकेडमी को मिला।

पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार नवगछिया के राहुल कुमार (सेंटर), अंकित शर्मा (फ्रंट), मधेपुरा के दीपक प्रकाश रंजन (बैक) को तथा महिला वर्ग में वैशाली की प्रिया सिंह (सेंटर), वंदना कुमारी (बैक), युक्ता रानी (फ्रंट) को दिया गया। इससे पूर्व खेले गए पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में एकलव्य स्पोर्ट्स एकेडमी ने बेगूसराय को 22-35, 35-24, 35-18 से, दूसरे सेमीफाइनल में नवगछिया ने पटना को 35-32, 35-31 से, और महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल में वैशाली ने नवगछिया को 35-23, 35-24 से और दूसरे सेमीफाइनल में बेगूसराय ने एकलव्य स्पोर्ट्स एकेडमी को 35-26, 35-28 से पराजित किया। इस अवसर पर बिहार और नेपाल टीम के बीच एक दोस्ताना (मैत्री) मैच खेला गया।

जिसमें पुरुष वर्ग के मैच में बिहार ने नेपाल को 35-19, 35-15 से तथा महिला वर्ग के मैच में बिहार ने नेपाल को 35-16, 35-14 से पराजित किया। मैच से पूर्व भारत और नेपाल राष्ट्र का राष्ट्रगान गाया गया। फाइनल मैच के उपरांत खिलाड़ियों के बीच पुरस्कार वितरण लोहिया जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्मवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया ने किया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....