नवगछिया। नवगछिया कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार सुमन एवं मेजर हिमांशु कुमार रवि अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कई पुलिस जवान मोबाइल पर बात करते हुए दिखे। आधार कार्ड सेंटर की ओर से कोर्ट में प्रवेश करने वाले द्वार पर मात्र एक महिला पुलिस जवान तैनात पाई गई, जबकि वहां तीन पुलिस जवानों की ड्यूटी निर्धारित थी। महिला पुलिस जवान बेंच पर बैठकर मोबाइल देखने में व्यस्त थी। पूछताछ पर बताया गया कि शेष दो जवान निजी काम से कुछ देर पहले बाहर गए हैं।

वहीं, एसीजेम कोर्ट द्वितीय भवन के पास एक पुलिस जवान चबूतरे पर बैठ मोबाइल देखते हुए मिला। इस पर डीएसपी मुख्यालय ने ड्यूटी में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए तीन महिला पुलिस जवान सहित कुल चार पुलिस कर्मियों पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही।

पुलिस पदाधिकारियों ने कोर्ट भवन, कार्यालय भवन एवं अन्य स्थानों पर मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की। जांच के दौरान कहीं से भी कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। सुरक्षा कारणों से आम लोगों का न्यायालय परिसर में प्रवेश अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए न्यायालय की सुनवाई भी बाधित रही।

इस संबंध में नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि भागलपुर कोर्ट से सूचना मिली थी कि नवगछिया कोर्ट परिसर में बम रखा गया है। सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। मेटल डिटेक्टर से पूरे न्यायालय परिसर की जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा बल और बढ़ाया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *