नवगछिया। जवाहर नवोदय विद्यालय में पूर्ववर्ती छात्र (एलुमनी) समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी तथा पूर्ववर्ती छात्रों शशि कुमार, डॉ. रामाशेखर, कृष्ण कुमार और निश्छल कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर वर्तमान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग छठ गीत और नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया गया।
Total Downloads: 166
समारोह को संबोधित करते हुए डीजीसीए के असिस्टेंट डायरेक्टर शशि कुमार ने एलुमनी मीट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच सेतु का काम करते हैं। उन्होंने विद्यालय के दिनों को याद करते हुए संस्थान की बेहतरी के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
आईआईटी रुड़की के अंशु कुमार शर्मा और आईआईटी खड़गपुर की संगीता मंडल ने विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन देते हुए उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

कार्यक्रम में एक्साइज में कस्टम ऑफिसर कृष्ण कुमार ने कहा कि पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन का उद्देश्य बाहरी दुनिया के अनुभवों और पेशेवर जीवन के व्यावहारिक पहलुओं से छात्रों को अवगत कराना है। इस दौरान पूर्ववर्ती छात्र इंजीनियर शिवशंकर और सुषमा कुमारी ने विद्यालय को चरित्र निर्माण से संबंधित 21 पुस्तकें दान कीं।
समारोह के दौरान पूर्ववर्ती छात्रों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर अपनी पुरानी यादें ताजा कीं। प्राचार्य संजय कुमार चौधरी ने कहा कि एलुमनी अपने अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को सही दिशा और प्रेरणा दे सकते हैं।
इस अवसर पर कुल 60 पूर्ववर्ती छात्र उपस्थित रहे, जिनमें स्टेटिकल ऑफिसर कन्हैया कुमार, सार्जेंट प्रवीण कुमार, डिविजनल एकाउंट ऑफिसर अजीत कुमार, ब्रांच मैनेजर विनोद कुमार व अमित भारती, डॉ. संकेत, डॉ. रामाशेखर, डॉ. अविनाश, असिस्टेंट मैनेजर राजकुमार, डीएओ नवीन कुमार, प्रिया कुमारी, आर्किटेक्ट विपिन कुमार और रतन कुमार सहित कई विशिष्ट पूर्ववर्ती छात्र शामिल थे।
पूर्ववर्ती छात्र समारोह ज्ञान, सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से परिपूर्ण रहा।
