मायागंज अस्पताल में भर्ती नवगछिया निवासी कोरोना पॉजीटिव मरीज भी अब कोरोना से अपनी जिंदगी की जंग जीतने को है। पॉजीटिव होने के बाद इस मरीज की दोबारा करायी गयी कोरोना जांच रिपोर्ट अबकी बार निगेटिव आयी है।
मायागंज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आरसी मंडल ने कहा कि एक बार और मरीज के सैंपल की जांच करायी जायेगी। इस बार भी अगर जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी तो इन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जायेगा। नवगछिया निवासी कोरोना पॉजीटिव मरीज की दोबारा जांच रिपोर्ट में जहां वह कोरोना निगेटिव पाया गया तो वहीं कोरोना की संदिग्ध उसकी पत्नी, बेटे, बहू समेत चार लोगों की सैंपल की रिपोर्ट भी शुक्रवार को आयी, जिसमें चारों निगेटिव पाये गये।
नवगछिया के वार्ड नंबर 18 में 240 लोगों की स्क्रीनिंग
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नवगछिया के वार्ड नंबर 18 में 240 लोगों की कोरोना स्क्रीनिंग की गयी। जबकि वार्ड नंबर 19 में हुए स्क्रीनिंग में 10 लोगों में सर्दी, खांसी व बुखार की शिकायत के बाद जांच के लिए उनके सैंपल लिये गये। इसके अलावा होम क्वारंटाइन में रखे गये दो लोगों के घर अनुमंडल अस्पताल की टीम जांच के लिए गयी। अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक एके सिन्हा ने बताया कि मंगलवार तक पूरे नगर पंचायत क्षेत्र के सर्वे का काम पूरा कर लिया जायेगा।

मायागंज के कोरोना वार्ड में सिर्फ दो मरीज भर्ती
मायागंज अस्पताल के एमसीएच कोरोना आइसोलेशन वार्ड व सदर अस्पताल के फ्लू कॉर्नर में शुक्रवार को कुल 55 लोगों की कोरोना स्क्रीनिंग हुई, इनमें से 26 मरीजों को 14 दिन के होम क्वारंटाइन में भेज दिया गया। मायागंज अस्पताल के हॉस्पिटल मैनेजर सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि कोरोना आइसोलेशन वार्ड में कोरोना स्क्रीनिंग के लिए आये 24 लोगों को 14 दिन के होम क्वारंटाइन में भेज दिया गया तो शुक्रवार को मुंगेर जिले से एक कोरोना संदिग्ध मरीज को भर्ती किया गया। वार्ड में कुल दो मरीज भर्ती थे, इनमें से एक कोरोना पॉजीटिव से निगेटिव हुए बुजुर्ग मरीज व एक संदिग्ध मरीज था। जबकि सदर अस्पताल के फ्लू कॉर्नर में शुक्रवार को 31 लोगों की स्क्रीनिंग हुई। इनमें से दो लोगों को डॉक्टरों ने होम क्वारंटाइन के लिए भेज दिया गया। जबकि शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने होम क्वारंटाइन में रखे गये तीन लोगों के घर जाकर उनके सेहत की जांच की।
अगले आदेश तक सील रहेगी शहर की सीमा : एसडीओ
नगर पंचायत क्षेत्र में कोरोना संक्रमित व्यक्ति के मिलने के बाद 5 अप्रैल से नगर क्षेत्र को प्रशासन ने सील कर दिया है। एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि शहर अभी अगले आदेश तक सील रहेगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार स्क्रिनिंग का कार्य किया जा रहा है। सभी लोगों की स्क्रीनिंग के बाद रिजल्ट को देखते हुए डब्ल्यूएचओ के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद शहर को सील रखने या समाप्त करने पर विचार होगा।
रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ड्यूटी पर लौटे अनुमंडल अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी
कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए स्वास्थ्यकर्मियों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन स्वास्थ्य कर्मियों को अगले सप्ताह से स्वास्थ्य में लौटने की तैयारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है। अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक ने बताया की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सिविल सर्जन ने स्वास्थ्यकर्मियों को काम पर लौटने की सहमति दी है। लेकिन तत्काल उन्हें स्वास्थ्य कार्य में नहीं लगाया गया है। उन्हें अगले सप्ताह से स्वास्थ्य कार्य में लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कोरोना पॉजिटिव मरीज के परिजन और उनके संपर्क में आए लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी को होम क्वारेंटाइन किया गया है।


