नगर के नया टोला वार्ड-22 में विनोद सिंह के बांस बिट्टा के खाई से चार दिसंबर को बरामद हुए शव का पुलिस स्तर से अंतिम संस्कार कर दिए जाने के बाद नया टोला के वार्ड नंबर-22 के निवासी उत्तम कुमार ने बरामद शव अपने छोटे भाई मिथुन का होने का दावा किया है। कहा है कि घटनास्थल से उसकी चप्पल मिली है। उसकी हत्या की गई है।
हालांकि मिथुन के परिजनों को शव देखने का मौका नहीं मिला। क्योंकि पुलिस ने कानूनन शव का दाह संस्कार करा दिया। उत्तम कुमार ने कहा कि उसका भाई मिथुन रसोइया का काम करता था। 21 नवंबर को घर आया था और बोला कि वह गौतम सरोईया से तीन सौ रपये ले चुका है, इसलिए वह काम पर जा रहा है। फिर घर से निकला मिथुन वापस घर नहीं आया। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन मिथुन का कोई सुराग नहीं मिला। मिथुन के भाई उत्तर ने कहा कि वह भी रासोईया का काम करता है।

वह एक शादी समारोह का काम समाप्त करके शनिवार को ही घर आया। यहां आने पर उसे पता चला कि नया टोला में एक शव की बरामदगी हुई है। उसे शक हुआ कि कहीं उक्त शव उसके भाई की तो नहीं है। जब पता किया तो पता चला कि शव का दाह संस्कार कर दिया गया है। इसके बाद वह शव के बरामदगी स्थल पर गया और वहां पर काफी खोजबीन किया, तो वहां से मिथुन का चप्पल बरामद हुआ। वह एक पॉलिथीन में चप्पल को कर घर चला अया। थानाध्यक्ष राजकपुर कुशवाहा ने कहा कि इस तरह के दावे की जानकारी उन्हें भी मिली है। लेकिन परिजन अभी तक संपर्क नहीं किए हैं। उत्तम ने बताया कि उसके परिवार से किसी को दुश्मनी नहीं थी।
मिथुन की हत्या क्यों कर दी गयी, इस बात से वे लोग आश्चर्य चकित हैं। उत्तम ने कहा कि पुलिस द्वारा बताये जा रहे हुलिये से भी स्पष्ट लग रहा है कि बरामद शव उसके भाई का ही है। उसके भाई के हाथ पर गोदना से उसकी पत्नी का नाम लिखा हुआ था, जबकि उसका एक हाथ टेढ़ा था और पैर में भी जख्म के निशान हैं। उत्तम ने बताया कि मिथुन शादी शुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। पति की हत्या हो जाने की आशंका से वह भी अपने मायके बेगूसराय के लखमिनियां के बलिया से नवगछिया नया टोला आ गयी है।
जहां से पुलिस ने एक युवक शव बरामद किया था, उसी स्थान से मिथुन के भाई को उसका चप्पल मिला।
पूरी तरह से सड़ गया था शव, पुलिस ने कराई है क्लोज फोटोग्राफी : चार दिसंबर को भी शव पूरी तरह से पहचान की स्थिति में नहीं था। शव को देखकर प्रतीत हो रहा था कि हत्या चार से पांच दिन पहले ही कर दी गयी होगी। शव पूरी तरह से फूल गया था और उसका चेहरा पूरी तरह से क्षतविक्षत था। हालांकि पुलिस ने शव की क्लोज फोटोग्राफी करवायी है और नियमत: मृतक के कपड़े भी सुरक्षित कर लिये हैं। मिथुन का परिवार रविवार को देर शाम तक थाना नहीं पहुंचा था।


