नवगछिया : न्यायालयों को उड़ाने की धमकी के बाद राज्यभर में कोर्ट परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में नवगछिया व्यवहार न्यायालय में शुक्रवार को सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। न्यायालय के मुख्य गेट पर पुलिस कर्मियों द्वारा मेटल डिटेक्टर से आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की गई, वहीं कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी भी की जा रही है।
Total Downloads: 160
हालांकि सुरक्षा बढ़ाए जाने के बावजूद न्यायालय की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। नवगछिया बार एसोसिएशन के महासचिव अजीत कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियों की ओर इशारा किया। उन्होंने बताया कि न्यायालय के मुख्यद्वार पर तैनात महिला सिपाही अक्सर मोबाइल फोन में व्यस्त रहती हैं, जिससे सतर्कता पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अधिवक्ता संघ में कार्यरत वकील भगवान भरोसे काम कर रहे हैं। अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। अजीत कुमार ने बताया कि इससे पहले भी कई अधिवक्ताओं की हत्या हो चुकी है, जिससे वकीलों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें स्वयं भी पूर्व में धमकी मिल चुकी है।

बार एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, विशेषकर अधिवक्ताओं और न्यायिक कार्य से जुड़े लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
