नवगछिया । कोसी पार ढोलबज्जा कदवा के अलावा सीमावर्ती पूर्णिया, मधेपुरा के लोगों को जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सुविधाओं की परेशानी को देखते हुए नवगछिया पीएचसी का स्थानांतरण कर ढोलबज्जा एपीएचसी को सीएचसी में परिवर्तित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। अनुमंडल अस्पताल परिसर में पीएचसी के होने से इसका फायदा मरीजों को नहीं मिलने के मद्देनजर दियारा पार के लोगों ने यह मांग सीएम से की है।
जदयू के प्रशांत, भवेश कुमार, कन्हैया सहित ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री व प्रधान सचिव को लिखे पत्र में बताया है कि भागलपुर जिलान्तर्गत नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में ही नवगछिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हो रहा है। जिससे प्रखंड के लोगों को सारी सुविधाएं नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में ही मिल रही है।
नवगछिया पीएचसी को अगर स्थानांतरित कर कोसी पार ढोलबज्जा एपीएचसी को सीएचसी में परिवर्तित कर दिया जाए तो बिहार के तीन जिले भागलपुर, पूर्णिया एवं मधेपुरा की सीमा पर अवस्थित ढोलबज्जा-कदवा दियारे और आसपास की लगभग तीन लाख की आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेगी और इलाके के लोगों को सही समय पर उचित इलाज संभव हो पाएगा


