नवगछिया। बरौनी-कटिहार रेलखंड में चलनेवाली ट्रेनों में वेंडर के रूप में चलनेवाले बदमाशों का आतंक एक बार फिर से बढ़ने लगा है। वेंडरों ने पूर्णिया रुपौली लखनौर निवासी सौरव कुमार को ट्रेन से उतरने के बाद अपहरण कर एक लाख रुपये मांगा और काटकर गंगा में फेंकने के लिए ले जाने लगे। तेतरी जीरोमाइल के पास दुकानदारों को देखकर युवक ने हल्ला किया तो बदमाश उसे छोड़कर भाग गए। दुकानदारों की सूचना पर नवगछिया पुलिस ने युवक को थाना लायी। युवक के बयान पर दोनों वेंडरों के खिलाफ नवगछिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
Total Downloads: 172
घटना की सूचना पर पीड़ित की मां अंजली देवी भी नवगछिया थाना पहुंची। पीड़ित युवक ने बताया कि वह नवगछिया में रहकर पढ़ाई करता है। गुरुवार को वह सुपर ट्रेन से अपने ननिहाल मानसी से नवगछिया आ रहा था। नवगछिया स्टेशन पर उतरने के दौरान बगल वाली सीट पर मोबाइल देखकर उसने उठा लिया। ट्रेन से उतरने के दौरान दो वेंडर जो ट्रेन में पानी बेच रहे थे, ने कहा कि हमारा मोबाइल है। हमने मोबाइल दे दिया। उसके बाद दोनों ने जबरन हमें नया टोला ले जाकर टोटो पर बैठाया और कहा कि एक लाख रुपया दो नहीं तो काटकर गंगा में फेंक देंगे। मैंने कहा कि मैं विद्यार्थी हूं, एक लाख रुपया कहां से लाऊंगा। इस पर दोनों वेंडर मुझे मारकर फेंकने जाह्नवी चौक ले जाने लगे। तेतरी जीरोमाइल के पास दुकानदारों को देखकर हल्ला किया तो वे लोग छोड़कर भाग गए। फिर नवगछिया पुलिस हमें थाना लायी। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत भूषण ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


2012 में वेंडरों ने ही प्रीतम भट्टाचार्य की अपहरण कर की थी हत्या
असम के छात्र प्रीतम भट्टाचार्य की वेंडरों ने ही ट्रेन में हुए विवाद के बाद नवगछिया स्टेशन से अपहरण कर हत्या कर शव को कटरिया रेलवे ओवरब्रिज के पास फेंक दिया था। यह खबर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रही लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद प्रीतम के हत्यारे नहीं पकड़े गए।
