नवगछिया पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त करवाई कर चार सौ कारतूस के साथ तीन हथियार तस्करों को दबोचा। एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बुधवार को अपने कार्यकाल में आयोजित प्रेस वार्त्ता इसकी जानकारी दी।
Total Downloads: 83
एसपी ने बताया कि एसटीएफ से सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिल सवार तीन हथियार तस्कर खगड़िया की ओर से नवगछिया की ओर तीन आ रहे हैं। सूचना पर एसडीपीओ नवगछिया दिलीप कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम ने नारायणपुर के भगवान पेट्रोल पंप के दो सौ मीटर पश्चिम वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक पर सवार तीनों लोगों को घेर लिया। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक सवार गाड़ी घुमाकर खगड़िया की ओर भागने लगे, जिन्हें खदेड़कर एसटीएफ के सहयोग से पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान नीतीश कुमार उर्फ सत्यम पिता सुबोध सिंह, ग्राम साखमोहन थाना विभूतीपुर जिला समस्तीपुर की बैग से चार सौ राउंड कारतूस, गोलू कुमार सिंह उर्फ अभिजान पिता सतीश प्रसाद सिंह, ग्राम फूलमरी थाना साहेबपुर कमाल जिला बेगूसराय के पास से पैंतीस हजार रुपये नगद बरामद किया गया। पकड़ा गया तीसरा युवक गौरव कुमार सिंह उर्फ छोटू पिता विद्यासागर सिंह, ग्राम महेशवाड़ा, थाना नावकोठी, जिला बेगूसराय है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त दो बाइक और दो मोबाइल जब्त किया गया है।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास संबंधित थाने से मंगाया जा रहा है। उन्होंने भवानीपुर ओपीध्यक्ष रमेश कुमार साह को पुरस्कृत करने की अनुशंसा डीआईजी से व एसडीपीओ को पुरस्कृत करने की अनुशंसा मुख्यालय से करने की जानकारी दी। अपने स्तर से अन्य सभी पुलिस अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत करने की बात एसपी ने कही।
![]()
