नवगछिया : विक्रमशिला सेतु पर शनिवार सुबह से लेकर शाम तक महाजाम लगा रहा। अहले सुबह ट्रक और हाईवा में टक्कर हो गयी तो शाम के समय एक कार में तकनीकी कारणों से आग लग गयी। कार को क्षति पहुंची। दोनों ही कारणों से विक्रमशिला सेतु एवं पहुंच पथ पर शाम तक भीषण जाम रहा। जाम में डीएम को भी फंसे रहे।

जीरोमाइल भागलपुर से लेकर गाड़ियों की कतार नवगछिया की तरफ से जगतपुर गांव तक लगी रही। इस दौरान नवगछिया से मरीज को मायागंज अस्पताल ला रही कई एंबुलेंस भी घंटों फंसी रहीं। एंबुलेंस की सायरन बजती रही और मरीज छटपटाते रहे, लेकिन जाम टूटने का नाम नहीं ले रहा था। सेतु पर जाम हटाने के लिए तैनात पुलिस जवान को काफी मशक्कत करनी पड़ी। नारायणपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय जा रहे जिलाधिकारी की गाड़ी भी जाम में फंसी रही। परबत्ता पुलिस ने किसी तरह जिलाधिकारी की गाड़ी को जाम से निकलवाया। जिलाधिकारी को निकालने के बाद फिर जाम लग गया और शाम तक लगा रहा। दरअसल सेतु के पोल नंबर 91 के पास ट्रक व हाइवा की टक्कर हो गयी थी। इस कारण जाम लगा था। ओवरलोड गाड़ी होने के कारण पहले सभी सामान को हटाया गया। इसके बाद निजी किरान से गाड़ी को खींचकर बीच रास्ते से हटाया गया, तब जाकर जाम टूटा। दिनभर वनवे सिस्टम के तहत गाड़ी चलती रही। परबत्ता थानाध्यक्ष रामचन्द्र यादव ने बताया कि शनिवार अहले सुबह 91 नम्बर पाया पर दुर्घटना घटी, उसके बाद से लगातार जाम लगता रहा। जवान जाम हटाने में लगे रहे, लेकिन ओवरटेक के कारण फिर से जाम लग जा रहा था। तिलकामांझी टीओपी प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश के आलोक में देर रात से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गयी है। परीक्षा को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने नवगछिया के सभी केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र अधीक्षक एवं शिक्षकों के बारे में जानकारी ली।

जाम में फंसे लोग सेतु पर चले पैदल

सेतु पर जाम में घंटों फंसे रहने के बाद यात्री गाड़ियों से उतरकर किनारे-किनारे पैदल चलने लगे। कड़ी धूप में महिलाओं के साथ छोटे-छोटे बच्चे भी पैदल चल रहे थे। धूप और गर्मी से सभी का बुरा हाल था। धूप के कारण बच्चे पानी के लिए व्याकुल थे। जाम छुड़ाने में पुलिसकर्मी भी पसीने से तरबतर थे।

सीबीएसई की परीक्षा देने जा रहे सैकड़ों छात्र-छात्राएं भी फंसे

भागलपुर से नवगछिया परीक्षा देने जा रहे स्कूली बच्चे भी जाम में फंसे रहे। कई परीक्षार्थियों के साथ उसके अभिभावक भी पुल पर पैदल चल रहे थे। परीक्षार्थी आदर्श और रौनक ने बताया कि जाम के कारण परीक्षा छूटने का डर था। इसके बाद पैदल ही स्कूल पहुंचे। परीक्षार्थी अंशु कुमारी खुशी ने बताया कि जाम के कारण हमलोग पैदल निकल पड़े। रास्ते में लोगों ने मोटरसाइकिल पर बिठाकर पुल पार कराया तो जान में जान आई। वहीं इशिता और आस्तिक सिंह ने बताया कि अपनी जिंदगी में पहली बार जाम की ऐसी स्थिति देखी, लेकिन लोगों के सहयोग से परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र पर पहुंचाया गया जो काफी सराहनीय है।

स्कूल प्रशासक और युवकों ने की सहायता

पुल पर जाम की सूचना मिलते ही एक स्कूल के प्रशासक डीपी सिंह पुल पर मोटरसाइकिल से पहुंचे। विद्यालय प्रबंधन एवं भागलपुर जा रहे समाजिक कार्यकर्ता मुकेश राणा ने जाम की समस्या की नवगछिया एसपी को सूचना दी। विलंब होता देख इनलोगों ने परीक्षार्थियों को एक-एक कर अपने मोटरसाइकिल से रेलिंग होते हुए सेतु पार कराया, जिसमें पुलिस के जवानों ने भी सहयोग किया।

चालक को आ गयी थी नींद

ट्रक व हाईवा की टक्कर में हाइवा चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी चालक को भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वही अंशिक रूप से जख्मी जमुई के ट्रक ड्राइवर लालू ने बताया कि वह नवगछिया की तरफ से भागलपुर आ रहा था और भागलपुर से नवगछिया तरफ जा रहे हाइवा बहुत तेज गति से अनियंत्रित होकर चल रहा था। बचाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन जबरदस्त टक्कर हो गया। वहीं जमुई के ड्राइवर लालू ने बताया कि हाइवा के ड्राइवर को नींद आ गयी थी, तभी यह हादसा हुआ है।

सेतु में कार में लगी आग

विक्रशमिला सेतु के पोल नंबर 116 नम्बर के पास शनिवार शाम को कार में आग लग जाने से अफरातफरी मच गई। कार में आग लगते ही सवारगाड़ी छोड़कर भाग निकले। मुजफ्फरपुर के रहने वाले कुणाल कुमार ने बताया कि वह अपने संबंधी के यहां सबौर आये थे। सबौर से लौटने के क्रम में सेतु के पास हादसा हुआ। आसपास के लोगो ने कार में लगी आग को बुझाया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *