नवगछिया। गोपालपुर थाना के तीनटंगा करारी में संपत्ति विवाद के कारण मारपीट में तीन महिलाएं व एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर में किया जा रहा है। बाबू टोला कमलाकुंड निवासी घायल पंकज भगत ने बताया कि मेरे सास-ससुर को पुत्र नहीं है।
मेरे ससुर ने अपनी बसोबास की जमीन अपनी बेटियों के नाम कर दी है। जिस कारण मेरे ससुर के भाई बराबर विवाद करते रहते हैं। शुक्रवार को ससुराल में सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन किया गया था। जिस कारण मैं अपनी पत्नी के साथ वहां गया था।
प्रसाद ग्रहण कर जब हमलोग ऑटो से आने लगे तो कारे भगत, हीरा लाल भगत, सोने लाल भगत, उमेश भगत, प्रिंस कुमार व पार्वती देवी सहित 12-13 लोगों ने लाठी डंडे से मारना शुरू कर दिया। जिससे मेरी पत्नी राधा देवी व पत्नी की मां व बहन सुलोचना देवी गंभीर रूप से घायल हो गयी। मुझे भी काफी चोट पहुंची है। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जायेगी।


