नयाटोला निवासी हार्डवेयर व्यवसायी पप्पू मंडल हत्याकांड में पुलिस 24 घंटे बिट जाने के बाद भी पुलिस हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। व्यवसायी की हत्या के बाद परिजन सदमे में हैं घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी ममता देवी के फर्द बयान पर मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पत्नी ममता देवी ने नयाटोला निवासी राजेश यादव सहित उनकी पत्नी नीलम देवी, पुत्र अभिषेक कुमार व पुत्री छोटी कुमारी, निधि देवी, राजेश यादव का भांजा मंटू यादव, भिजुन यादव सहित दो अज्ञात अपराधियों को नामजद किया है। सभी पर षड्यंत्र के तहत अपराधियों से योजना के तहत पति की हत्या करने का आरोप लगाया है।
Total Downloads: 105
पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि बुधवार की देर रात जैसे ही अपना गेट खोली, तो गेट पर पति कुरकुरे कहा रहे थे। इस दौरान घर के सामने दीवाल में सटकर अभिषेक यादव, मंटू यादव व भिजुन यादव खड़े थे। इसी दौरान दो युवक मुंह पर गमछा लपेटे आए और पति के चेहरे पर गोली मार दी। वे जमीन पर गिर गए। उस दौरान अभिषेक यादव, मंटू यादव व भिजुन यादव कह रहा था मारो-मारो। पति जमीन पर गिरे, तो वहां पर लोग जमा होने लगे और दोनों अपराधियों के साथ वह फरार हो गया।
बताया कि जेल जाने से पूर्व राजेश यादव व उनकी पत्नी नीलम देवी, पुत्री निधि देवी, छोटी कुमारी ने धमकी दिया था कि तुम्हारे कारण ही केस हुआ है। तुम्हारे पूरे परिवार को जान से मार देंगे। इसी को लेकर उन लोगों ने मिलकर मेरे पति की हत्या की है। एसपी निधि रानी ने कहा कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी में कैद हुए दोनों अपराधियों की पहचान पुलिस ने कर ली है। जल्द ही पुलिस दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी। इसके लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

डर से परिजनों ने खाली कर दिया है घर
व्यवसाई की हत्या के बाद डरे परिजनों ने नया टोला स्थित अपने घर को खाली कर दिया है। पैतृक गांव चले गए हैं। हत्याकांड के बाद घर के आसपास की सभी दुकानें गुरुवार को पूरे दिन बंद रहीं।
बड़े बेटे चीकू ने दी पिता को मुखाग्नि
पैतृक गांव गोपालपुर में मातमी सन्नाटा पसरा है। गुरुवार की सुबह तिनटंगा घाट पर अंतिम संस्कार हुआ। बेटा चीकू कुमार ने पिता को मुखाग्नि दी। दो पुत्र एक पुत्री खुशी कुमारी हैं,जो सातवीं में पढ़ते हैं। व्यवसायी बेटे की मौत के बाद माता अनामिका देवी रो-रोकर बेहाल हैं। पिता कृष्णदेव उर्फ डोमी मंडल अपने पोते को गोद में लिए कह रहे थे। किसी का बेटे ने क्या बिगाड़ा था। व्यवसायी की पत्नी सुबह से ही बेसुध थी। पूरा माहौल गमगीन था।
लोगों ने पुलिसिंग पर उठाया सवाल
व्यवसायी की हत्या के बाद नयाटोला में भय का माहौल है। घर पर चढ़कर घटना को अंजाम दिए जाने पर लोगों ने पुलिसिंग पर सवाल उठाया है। कहा कि अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है। अपराधी जब जहां चाहे किसी की हत्या जैसी घटना को अंजाम दे रहे हैं। लोग अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं है। आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कहा कि यदि अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो मोर्चा के बैनर तले बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
राजेश यादव की पुत्री से था मृतक के साले का प्रेम प्रसंग, कर दी थी अपनी पुत्री की हत्या
पत्नी के बयान के बाद पुलिस ने बताया कि व्यवसायी पप्पू मंडल के साले का प्रेम प्रसंग राजेश यादव की एक पुत्री से था। जिसके बाद वह उसके साथ भाग भी गई थी। व्यवसायी ने ही उसकी पुत्री को बरामद करवाया था और उन्हें सौंप दिया था। इसके बाद राजेश यादव ने अपनी पुत्री की हत्या कर शव को गायब कर दिया था। किसी ने पुलिस को इस मामले की सूचना दे दी थी। सूचना के बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में राजेश यादव इस केस करवाने में पप्पू मंडल को ही जिम्मेदार मान रहा था। उसे यह संदेह था कि पप्पू मंडल ने ही पुलिस को पुत्री की हत्या करने की सूचना दिया था, जिसके बाद से वह पप्पू मंडल की साजिश रच रहा था। इसके बाद राजेश यादव जेल जाने की बाद षड्यंत्र के तहत भाड़े के अपराधियों से पप्पू मंडल की हत्या कर दिया। राजेश यादव के सभी परिजन घर छोड़ कर फरार है। थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा ने बताया कि हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
बुधवार की रात नवगछिया के नयाटोला निवासी हार्डवेयर व्यवसायी पप्पू मंडल की गोली मार कर दी गई थी हत्या, पुलिस ने 8 के खिलाफ दर्ज की नामजद प्राथमिकी , दो अज्ञात पर भी मामला दर्ज

