नवगछिया। आठ दिनों से लापता अधेड़ का शव मंगलवार को नवगछिया रेलवे स्टेशन के पास स्थित पोखर से बरामद किया गया। सूचना मिलते ही जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
Total Downloads: 375
शव की पहचान नवगछिया नगर परिषद क्षेत्र के नोनियापट्टी निवासी दिलीप लहरी (48) के रूप में की गई। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उनकी पहचान की।
11 नवंबर से थे लापता
परिजनों के अनुसार, दिलीप लहरी शराब के आदी थे और घरेलू विवाद भी अक्सर होते रहते थे। उनके बेटे सूरज कुमार ने बताया कि पिता 11 नवंबर को वोट डालने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने नवगछिया पुलिस को मौखिक सूचना दी थी।

पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा गया
शव को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसा या हत्या? पुलिस दोनों एंगल पर जांच में जुटी
जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि घटना हादसा है या हत्या, इसकी जांच दोनों बिंदुओं पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
