नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर बैसी स्थित बनकट्टा के पास शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में बनिया बैसी पंचायत की मुखिया गुड़िया देवी के पति कुमोदी यादव समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

घायलों में कुमोदी यादव, मुद्रिका यादव, जगरूप सिंह और धनंजय यादव शामिल हैं। कुमोदी यादव के सिर में गंभीर चोट लगी है। बताया जा रहा है कि उनके साथ मौजूद दो अंगरक्षकों के हथियार भी छीने जाने की बात सामने आ रही है। सभी घायलों को पहले अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया गया।

अनुमंडल अस्पताल में उपाधीक्षक पिंकेश कुमार और डॉ. कुंदन कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार कुमोदी यादव की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उनके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुमोदी यादव ने नगरह निवासी शहजानंद सिंह से चार बीघा जमीन पांच लाख रुपये प्रति बीघा की दर से रजिस्ट्री कराई थी। वहीं, इस जमीन समेत कुल 20 बीघा जमीन पर जहांगीरपुर बैसी नवटोलिया निवासी जगदेव राय लंबे समय से बटाईदार के रूप में खेती करते आ रहे थे। इसी जमीन की जोताई को लेकर पिछले दो दिनों से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।

मामले को लेकर कुमोदी यादव ने पूर्व में ही रंगरा थाना में जगदेव राय समेत करीब 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। शुक्रवार को कुमोदी यादव अपने दो गनरों के साथ जमीन जोतवाने पहुंचे, तभी दूसरे पक्ष ने विरोध किया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में झड़प हो गई। आरोप है कि इसी दौरान भीड़ ने गनरों की राइफल छीनने का प्रयास किया और कुमोदी यादव पर जानलेवा हमला किया गया।

घटना की सूचना पर एसडीपीओ ओम प्रकाश, नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर तथा रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार अस्पताल पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।

इस संबंध में रंगरा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विश्वबंधु कुमार ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट की घटना हुई है। हथियार छीने जाने की बात सामने आ रही है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

घटना के बाद कोसी दियारा क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। लोग किसी अप्रिय घटना की आशंका से सहमे हुए हैं। पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *