60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा

भागलपुर: भागलपुर और बांका जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग और बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले 36 घंटों के दौरान दोनों जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 30 मई से 3 जून तक गरज-चमक, वज्रपात और तेज आंधी का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।

शुक्रवार को हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में मौसम और अधिक सक्रिय रह सकता है। आसमान में घने बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

तापमान में गिरावट, मौसम रहेगा सुहावना

मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 70 से 80 प्रतिशत तथा दोपहर में 40 से 50 प्रतिशत रहने की संभावना है।

पूर्वी दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। शुक्रवार को भागलपुर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

किसानों के लिए मौसम विभाग की विशेष सलाह

मौसम विभाग और कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को आगामी खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना को देखते हुए खेतों में सिंचाई नहीं करने की सलाह दी गई है। साथ ही खाद एवं कीटनाशकों का छिड़काव केवल साफ मौसम में ही करने को कहा गया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवा और आंधी के कारण बागवानी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। आम, लीची और अन्य फलदार पेड़ों पर लगे अपरिपक्व फलों के झड़ने की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में किसानों को खेती से जुड़े कार्य फिलहाल स्थगित रखने और फसलों के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।

लोगों से भी सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से भी खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। गरज-चमक और वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। तेज आंधी और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *