कहलगांव/घोघा: घोघा थाना क्षेत्र के जानीडीह गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दो सगी बहनों पर अपने जीवित पिता को दस्तावेजों में मृत दिखाकर उनकी जमीन बेचने का आरोप लगा है। पीड़ित वृद्ध पिता ने मामले में न्याय की मांग करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कहलगांव को आवेदन सौंपा है।
जानकारी के अनुसार जानीडीह गांव निवासी बुनेल यादव (पिता स्व. दीपनारायण यादव) ने एसडीओ को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी दो विवाहित पुत्रियों ने उनकी सहमति के बिना उनकी खतियानी जमीन बेच दी। इतना ही नहीं, जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेजों में उन्हें मृत दर्शाया गया है।
14 डिसमिल जमीन बेचने का आरोप
पीड़ित ने बताया कि उनके कोई पुत्र नहीं हैं और उनकी दो पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उनकी पत्नी का निधन लगभग 20 वर्ष पूर्व हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मौजा शंकरपुर कोदवार स्थित जमीन, थाना संख्या-41, खाता संख्या-2133, खेसरा संख्या 7038 एवं 7039, कुल रकबा 14 डिसमिल, को उनकी पुत्रियों ने बिना अनुमति बेच दिया।

बिना सहमति के कराया गया बंटवारा
बुनेल यादव ने आवेदन में कहा है कि उनकी मर्जी के बिना पारिवारिक बंटवारा भी तैयार कर लिया गया। बंटवारे के दस्तावेज में न तो उनका हस्ताक्षर है और न ही अंगूठे का निशान। इसके बावजूद उन्हें हिस्सेदार नहीं बनाया गया, जबकि उनकी दोनों पुत्रियों को हिस्सेदार दिखाया गया।
पीड़ित का आरोप है कि इसी कथित बंटवारे के आधार पर उनकी पुत्रियां प्रीति देवी और रेशमी देवी ने उन्हें मृत घोषित कर उनकी जमीन की रजिस्ट्री दूसरे व्यक्ति के नाम कर दी।
घर से निकालने का भी आरोप
वृद्ध बुनेल यादव ने यह भी आरोप लगाया है कि जमीन बेचने के बाद उन्हें घर से निकाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह वर्तमान में असहाय अवस्था में दर-दर भटकने को मजबूर हैं और न्याय की उम्मीद में प्रशासन के पास पहुंचे हैं।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने एसडीओ कहलगांव से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उनकी जमीन वापस दिलाने की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

