नवगछिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर 9 जुलाई को अभाविप नवगछिया नगर इकाई की ओर से वृक्षारोपण एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद के कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण, छात्रहित एवं समाजहित के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
अभाविप नवगछिया के नगर मंत्री शशि ने कहा कि परिषद के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन के मूल मंत्र “ज्ञान, शील और एकता” को आत्मसात करते हुए राष्ट्र सेवा और छात्र हित के प्रति अपने समर्पण को दोहराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद लगातार छात्रों के सर्वांगीण विकास और समाज सेवा के लिए कार्य करती रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभाविप के एसएफडी प्रांत सह-संयोजक कुसुम कुमारी ने कहा कि छात्रशक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी युवाओं से संगठित होकर एक सशक्त, संस्कारित और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जीबी कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. सत्येंद्र ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। संगठन के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर से लेकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहते हैं और उनके द्वारा किए जाने वाले सेवा एवं सामाजिक कार्य सराहनीय हैं।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया तथा संगठन की विचारधारा और सामाजिक भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर राजीव सर, अखलेश, दिव्य प्रियदर्शी, दिनेश कुमार, डॉ. सुनील कुमार, ज्योति निकेता कुमारी, प्रिया सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

