कदवा ओपी थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बेलसंडी कदवा में गुरुवार को दोपहर 12:30 बजे शराब के नशे में धुत बेलसंडी गांव निवासी अरुण ऋषिदेव ने जमकर उत्पात मचाया। शराबी युवक ने स्कूल में घुसकर शिक्षकों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने दो कुर्सियां और एक टेबल जमीन पर पटककर तोड़ दिया। जब प्रधानाध्यापक सोनेलाल रजक ने विरोध किया उनके साथ मारपीट भी की। शोर सुनकर स्कूल के शिक्षक रामराघव सिंह, शिक्षिका अमृता रवि, टोला सेवक बालमुकुंद रजक व कौशल कुमार रजक दौड़कर वहां पहुंचे और बीच-बचाव कर प्रधानाध्यापक को वहां से हटाया।
Total Downloads: 172
घायल प्रधानाध्यापक सोनेलाल रजक ने बताया कि स्कूल में टिफिन की घंटी लगने पर सभी बच्चे क्रिकेट और फुटबॉल खेलने मैदान में चले गए। इसी बीच शराब के नशे में धुत अरुण ऋषिदेव स्कूल परिसर में पहुंचकर भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। उसने कहा कि स्कूल के बच्चे बाहर खेल रहे हैं और शिक्षक बैठे हुए हैं। जब उससे प्रभारी ने कहा कि बच्चों को खेलने व खाने के लिए ही घंटी लगी है तो उसने कार्यालय में घुसकर कुर्सियों को तोड़ने लगा और मारपीट की। जाते-जाते धमकी दी कि कल से यहां शिक्षक आए तो जान से मार देंगे। एचएम ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

कुछ दिन पहले भी ें शिक्षकों के साथ किया था अभद्र व्यवहार
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी अरुण ऋषिदेव स्कूल परिसर में जाकर सभी शिक्षकों के साथ गाली-गलौज किया था। वह मनबढ़ू प्रवृत्ति का है। अक्सर शराब के नशे में गांव वालों से भी उलझते रहता है। जब गांव के लोग इसका विरोध करते हैं तो वह गाली-गलौज करता है। इतना ही नहीं वह जाने से मारने की धमकी भी देता है। उसके परिजनों से इसे लेकर कई बार शिकायत की गई। लेकिन वे भी उसके डर से कुछ नहीं बोलते हैं।

