भागलपुर : पुल निर्माण निगम भागलपुर डिवीजन ने विक्रमशिला पुल और विक्रमशिला समानांतर पुल को वापस करने की मांग की है। भागलपुर पुल निर्माण निगम के वरीय प्रोजेक्ट इंजीनियर विनय कुमार ने इस बाबत प्रबंध निदेशक पटना को पत्र लिखा है। साथ ही आश्वस्त किया है कि अब काम में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
Total Downloads: 382
दरअसल, काम में लेटलतीफी के कारण विक्रमशिला पुल और समानांतर पुल को भागलपुर से ट्रांसफर कर खगड़िया डिवीजन के हवाले कर दिया गया है। पुल निर्माण निगम भागलपुर को विक्रमशिला पुल की मरम्मत और समानांतर पुल बनाने के लिए डीपीआर के टेंडर का काम दिया गया था। पुल निर्माण निगम भागलपुर यह काम नहीं कर सकी। कई बार रिमाइंडर के बाद भी जब काम नहीं हुआ तो खराब प्रदर्शन मानकर दोनों ही काम आठ महीने पहले खगड़िया डिवीजन को सौंप दिया गया।
खगड़िया डिवीजन ने तेजी से काम किया। चार महीने पहले विक्रमशिला पुल की मरम्मत भी शुरू हो गई और आज पुल पर पहले लेयर की सड़क तैयार है। वहीं, समानांतर पुल के लिए पहली बार डीपीआर कैंसिल होने के बाद अब दूसरी बार टेंडर भी निकाला जा चुका है।
बहरहाल, भागलपुर डिवीजन से पत्र भेजने के बाद निदेशालय की ओर से भागलपुर डिविजन को सकारात्मक आश्वासन दिया गया है। वरीय परियोजना पदाधिकारी ने बताया कि विक्रमशिला पुल और समानांतर पुल जल्द ही भागलपुर डिवीजन के अधीन आ जाएंगे।
