मतदान की तैयारियां पूरी

मुख्य पार्षद पद के लिए प्रीति कुमारी और सुनीता देवी का नाम चरचा में

ऋषव मिश्रा कृष्णा, नवगछिया : नवगछिया नगर पंचायत में मुख्य पार्षद पद को लेकर नवगछिया का राजनीतिक तापमान चरम पर है. जानकार कह रहे हैं कि वर्तमान में नवगछिया नगर पंचायत की राजनीति अपने चलताउ ट्रेंड से यू टर्न ले रही है. मालूम हो कि नवगछिया नगर पंचायत की राजनीति के दिग्गज इन दिनों पूरी तरह से हाशिये पर चले गये हैं तो दूसरी तरफ नई राजनीतिक शक्ति का उभार बड़ी तेजी से हो रहा है. इस बार नवगछिया नगर पंचायत में उप मुख्य पार्षद की कुर्सी के लिए एक ही ध्रुव के दो लोग दावेदारी में हैं. राजद नेता बाहुबली स्व विनोद यादव के अति विश्वस्त लोगों में एक प्रेम कुमार उर्फ डब्लू यादव की पत्नी प्रीति कुमारी और राजद नेता बाहुबली विनोद यादव के भाई स्व प्रमोद यादव की पत्नी सुनीता देवी का नाम चरचा में हैं. दूसरी तरफ उप मुख्य पार्षद के लिए स्व विनोद यादव के पुत्र अभिषेक रामण उर्फ टीएन का नाम चरचा में हैं.

कहते हैं दावेदार पार्षद के पति


वार्ड नंबर 17 की पार्षद प्रीति देवी के पति प्रेम कुमार उर्फ डब्लू यादव ने कहा कि निर्वाचित पार्षदों का उनको नैतिक समर्थन है. उन्होंने दावा किया कि स्व विनोद यादव के उत्तराधिकारी पुत्र अभिषेक रमण उर्फ टीएन उनके पक्ष में हैं और वही उपमुख्य पार्षद पद के भी प्रबल दावेदार हैं. डब्लू ने सुनीता देवी की उम्मीदवारी को लेकर कहा कि उन्होंने परिवार से बगावत कर दिया है और विरोधियों से जा मिली हैं. डब्लू ने कहा कि राजद नेता के हत्यकांड में शामिल कई फरारी यथा मानकेश्वर सिंह, कुमोदी यादव व अन्य लोग भी अपने चहेते लोगों को जिताने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं लेकिन लोकतंत्र की ताकत के समक्ष सभी विफल हो जायेंगे.

सुनीता देवी ने कहा


वार्ड नंबर चार की पार्षद सुनीता देवी ने कहा कि उन्होंने मुख्य पार्षद पद के लिए दावेदारी का मन तो बनाया है लेकिन अभी यह पूरी तरह से तय नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी दावेदारी रखने का सबों को पूर्ण अधिकार है. लेकिन वे अपनी दावेदारी पर पारिवारिक दृष्टिकोण से भी विचार करेंगी. वे पार्षदों से अपील कर रहे हैं कि नैतिक आधार पर एक महिला का समर्थन करें. वे विश्वास को टूटने नहीं देंगी.

 

कहते हैं टीएन यादव


वार्ड नंबर 22 से निर्वाचित हुए पार्षद अभिषेक रामण उर्फ टीएन यादव ने कहा कि मुख्य पार्षद में प्रीति देवी और उपमुख्य पार्षद में वे खुद दावेदारी दे रहे हैं. परिवार से ही एक अन्य दावेदार के रुप में सामने आ रही सुनीता देवी के नाम पर उन्होंने कहा कि इस पर वे किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं देंगे. वे बस इतना ही कहेंगे कि 15 वर्ष से अधिक समय तक नवगछिया नगर पंचायत नहीं नरक पंचायत बन गया था. अब नवगछिया को सुंदर और स्वच्छ बनाने का काम करना है. जनहित के लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं.

की जा रही है साजिश : अजय यादव उर्फ़ प्रमोद यादव


राजद नेता अरुण कुमार यादव उर्फ केडी यादव के पुत्र व वार्ड नंबर 16 से निर्वाचित अजय यादव का कहना है कि अध्यक्ष पद के दावेदार द्वारा उनके विरुद्ध झूठा मुकदमा करवाया गया ताकि वे वोट नहीं डाल सकें. उन्होंने कहा कि नवगछिया की राजनीति इन दिनों बहुत ही खतरनाक स्थिति से गुजर है. ऐसे में वरीय पदाधिकारियों को यहां की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद के दावेदार के समक्ष जो भी सामने आ रहा है उसे किसी भी सूरत में दबाने का काम किया जा रहा है जो गलत है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए सुनीता देवी को उनका नैतिक समर्थन है.

 

चार से पांच लाख की लग रही है बोली


नवगछिया नगर पंचायत में मुख्य पार्षद पद के होड़ में चार से पांच लाख रुपये तक की बोली लगने की बात सामने आ रही है. हालांकि इस तरह के बाद को केवल चरचा में ही सुना जा सकता है. जब इस तरह के बातों के आधार को खोजने का प्रयास किया गया तो न तो किसी पार्षद ने इसे स्वीकार किया और न ही दावेदारों ने इस तरह का चलन होने की बात कही. इधर नवगछिया भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल ने कहा कि नगर पंचायत में कई लोग बिक चुके हैं. खुलेआम चार से पांच लाख में वोटरों की खरीद की जा रही है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *