बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने रविवार को टीईटी के अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटनी तथा ओएमआर शीट प्राप्त करने से संबंधित आवेदन लेने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। साथ ही समिति ने परीक्षा का आंसर की भी अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। यह जानकारी समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने दी है।
Total Downloads: 70
उन्होंने बताया है कि अभ्यर्थियों के लिए आवेदन के आधार पर समिति द्वारा इ-मेल के माध्यम से उन्हें ओएमआर शीट भेजी जा रही है। साथ ही उत्तर मिलान करने के लिए इ-मेल के माध्यम से आंसर की भी भेजी जा रही है। ताकि अभ्यर्थी अपने ओएमआर शीट का मिलान आंसर की से कर सकें। उन्होंने कहा कि अब अभ्यर्थी ई-मेल से भी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

आनंद किशोर ने कहा है कि यदि किसी अभ्यर्थी को कोई शिकायत हो, तो अपनी उत्तरपुस्तिका की स्क्रूटनी अथवा ओएमआर शीट प्राप्त करने के लिए ऑफलाइन व ऑनलाइन मोड में आवेदन कर सकते हैं। शिकायतों का निवारण भी एक माह में कर दिया जायेगा। यदि आंसर-की से ओएमआर शीट का मिलान करने के बाद अभ्यर्थी को कोई आपत्ति हो तो उसका वर्णन करते हुए उसी मेल पर अपनी आपत्ति भेज सकते हैं।
अानंद किशोर ने बताया कि समिति द्वारा इस संबंध में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की जायेगी। इसके बाद जरूरत पड़ी, तो एक माह के अंदर संशोधन कर दिया जायेगा। ऑफलाइन मोड में शिकायत प्राप्त करने के लिए समिति मुख्यालय में दो काउंटर खोले गये हैं।दोनों काउंटर 30 सितंबर तक कार्यरत रहेंगे।
दूसरी ओर समिति की वेबसाइट www.biharboard.ac.in व bsebonline.net पर सोमवार, 25 सितंबर से 02 अक्तूबर तक आवेदन किया जा सकेगा। समिति द्वारा जारी आंसर-की इन्हीं दोनों वेबसाइट पर देखी जा सकती है।
रविवार को खुला रहा काउंटर, 28 गलत प्रश्न हटा कर मार्किंग
समिति अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि टीईटी अभ्यर्थियों से आवेदन प्राप्त करने के लिए रविवार को समिति मुख्यालय का काउंटर कार्यालय अवधि में खुला रहा। परीक्षा में व्यवहृत उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटनी तथा ओएमआर शीट की प्रति प्राप्त करने के लिए कुल 207 आवेदन प्राप्त हुए।
उन्होंने कहा है कि टीईटी के दोनों पेपर (1 व 2) के विभिन्न विषयों में कुल मिला कर 630 प्रश्न थे। इसमें 5 प्रतिशत से भी कम यानी कुल 28 प्रश्न गलत थे. गलत प्रश्नों को हटाने के बाद ही उत्तर पुस्तिकाओं की मार्किंग की गयी है।

