नवगछिया : अचानक ट्रक चालक ने वाहन को दाईं ओर मोड़ दिया। इससे दो महिलाओं की दबने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेकाबू ट्रक चाय की दुकान और सैलून को तोड़ते हुए गड्ढे में पलट गया। दुर्घटना रविवार सुबह करीब 7 बजे विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर परबत्ता थाना क्षेत्र के गरैया चौक के पास हुई। मरने वाली महिलाओं की पहचान गरैया गांव निवासी विपिन यादव की पत्नी रंजू देवी (40 वर्ष) और स्वर्गीय नरेश यादव की पत्नी रूबी देवी (50 वर्ष) के रूप में हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों महिलाएं बासा जाने के लिए सड़क पार कर रही थीं।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं ग्रामीणों ने आंशिक रूप से घायल खलासी देवघर निवासी निरंजन मांझी को पकड़ लिया। एक साथ दो महिलाओं की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने 5 घंटे तक विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ को जाम कर दिया। सूचना पर नवगछिया बीडीओ रोहित कुमार और परबत्ता थानाध्यक्ष रामचंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बीडीओ ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

इसके बाद दोपहर 12 बजे जाम खत्म हुआ। पुलिस ने दोनों शवों का नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक के खलासी को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष रामचंद्र यादव ने बताया कि ट्रक के मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। अब तक मृतक के परिजनों ने आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

पुल पहुंच पथ के दोनों ओर जाम में फंसे रहे सैकड़ों वाहन, यात्रियों को हुई दिक्कत

पांच घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण विक्रमशिला पहुंच पथ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। इससे यात्रियों को काफी दिक्कत हुई। यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना था कि पुलिस-प्रशासन वाहनों की गति पर लगाम लगाने में विफल रही है। इसलिए आए दिन सड़क हादसे में निर्दोष लोग जान गंवा रहे हैं। लोगों ने बताया कि इस रूट पर चलाने वाले कई टेंपो के ड्राइवर नाबालिग हैं। इस कारण भी दुर्घटनाएं होती हैं।

नारायणपुर : सड़क हादसे में मृत एएसआई के पुत्र का हुआ अंतिम संस्कार

नारायणपुर| प्रखंड के आशाटोल निवासी एसआई दीपनारायण दास के पुत्र अमित कुमार का शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। कागजी प्रक्रिया में देरी होने शव का पोस्टमार्टम रविवार को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव का परिजनों ने बलहा गंगा घाट स्थित दाह संस्कार किया। थानाध्यक्ष रमेश कुमार साह ने बताया कि मृतक के पिता एसआई दीपनारायण दास ने ट्रक व चालक बिशुनदेव सिंह के विरूद्ध भवानीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर पुलिस ने शनिवार को ही चालक को गिरफ्तार कर लिया था।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *