खरीक थाना क्षेत्र के तुलसीपुर निवासी जिप सदस्य गौरव राय के भाई सोनू राय की हत्या के आरोपी गांव के ही राकेश राय ने पुलिस की कार्रवाई से बौखलाकर खरीक थानाध्यक्ष हरिशंकर प्रसाद कश्यप को मोबाइल पर सपरिवार जान मारने की धमकी दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम 5.30 बजे 8051952125 नंबर से खरीक थानाध्यक्ष को फोन आया। थानाध्यक्ष के फोन रिसीव करने पर फोन करने वाले ने खुद को राकेश राय बताते हुए कहा कि तुम अधिक काबिल बन रहे हो।


सोनू हत्याकांड में तुमने भागलपुर से मेरे बेटे को गिरफ्तार किया है। अगर 30 दिन में उसका बेल नहीं करवाया, तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार की हत्या कर देंगे। करीब तीन मिनट तक बात करने के दौरान कहा कि इस हत्याकांड में तुम अधिक हस्तक्षेप कर रहे हो। फोन पर बात करने के दौरान बीच-बीच में अभद्र भाषा का भी प्रयोग कर रहा था। मामले को लेकर थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दी और जिसके नाम से नंबर है, उसपर और राकेश राय पर खरीक थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
मालूम हो कि सोनू राय की हत्या में डीआईजी ने एसआईटी गठित कर खरीक थानाध्यक्ष को भी टीम में रखा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि धमकी से पुलिस डरने वाली नहीं है और न ही मामले के अनुसंधान पर कोई असर पड़ेगा। सूत्रों के अनुसार, राकेश राय का अंतिम मोबाइल लोकेशन कटिहार में पाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में नवगछिया एसपी निधि रानी ने कहा कि मामले में मुझे कोई जानकारी नहीं है।


