नवगछिया । खरीक प्रखंड की खैरपुर में पुलिस टीम पर हमले और मारपीट के आरोप में रविवार को गिरफ्तार जदयू प्रखंड अध्यक्ष पप्पू यादव को सोमवार को पुलिस ने कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष सूबेदार पासवान ने बताया कि घटना के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। बचे हुए आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।
Total Downloads: 354
रविवार को जदयू प्रखंड और उसके चचेरे भाई पंकज यादव के बीच पुरानी विवाद को लेकर जमकर मारपीट हो गई थी। मारपीट में पंकज सहित उसकी पत्नी साधना देवी एवं पिता वासुदेव यादव गंभीर रूप से घायल हो गये थे। इसकी सूचना पर खैरपुर पहुंची खरीक पुलिस के साथ भी जदयू प्रखंड और उनके परिवार ने पथराव और मारपीट की थी।
घटना में थानाध्यक्ष समेत कई पुलिस कर्मी घायल हो गये थे। पुलिस गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गयी थी। घटना को लेकर खरीक थाना के एसआई रामप्रकाश आर्या के बयान पर पप्पू यादव, उसकी पत्नी, बेटा, पिता, भाई और दो अज्ञात के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें पुलिस पर हमला, कार्य में बाधा उत्पन्न करने, तोड़फोड़ करने समेत अन्य कई गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, दूसरी प्राथमिकी पंकज यादव ने कराई है, जिसमें जबरन घर घुसकर मारपीट करने समेत अन्य कई गंभीर आरोप लगाया है।

